जोहान्सबर्ग। दक्षिण अफ्रीका के गौतेंग प्रांत में शनिवार रात एक भीषण गोलीबारी की घटना हुई। जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप के एक बार में 8 अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस हमले में 27 लोगों की मौत हो गई और 15 लोग घायल हुए।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे हुई। हमलावरों ने पहले बार के बाहर बैठकर शराब पी रहे लोगों पर गोलियां चलाईं। इसके बाद वे बार के अंदर घुस गए और वहां मौजूद लोगों को भी निशाना बनाया। हमलावरों के पास AK-47 राइफल और पिस्तौलें थीं।
मृतकों में 4 महिलाएं भी शामिल हैं। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस की कार्रवाई
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। रविवार तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनके ठिकाने का पता लगाने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास घटना या हमलावरों से जुड़ी कोई जानकारी है तो तुरंत पुलिस को बताएं फिलहाल हमले की वजह साफ नहीं हुई है। पुलिस जांच कर रही है कि हमलावरों ने बार में मौजूद लोगों को क्यों निशाना बनाया।
चार दिन पहले भी हुई थी मास शूटिंग
इस घटना से सिर्फ चार दिन पहले दक्षिण अफ्रीका के क्वा-मखुथा इलाके में भी एक बड़ी गोलीबारी हुई थी। उस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी। देश में लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि जांच और हमलावरों की तलाश जारी है। इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
यह घटना दक्षिण अफ्रीका में हिंसा और अपराध की बढ़ती समस्या को एक बार फिर उजागर करती है। अधिकारी अभी इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि हमला किसी व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा था या संगठित अपराध से जुड़ा था।










