लेंस डेस्क । एक्ट्रेस Twisha Sharma की संदिग्ध मौत का मामला अब न्यायिक रूप से महत्वपूर्ण मोड़ पर पहुंच गया है। सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर सुनवाई करते हुए मीडिया को ट्रायल से बचने और परिवारों को बयानबाजी न करने की सख्त सलाह दी। कोर्ट ने कहा कि जांच एजेंसियों को अपना काम करने दें।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अगुवाई वाली बेंच ने स्पष्ट रूप से कहा कि इस तरह की संवेदनशील घटनाओं में मीडिया को सनसनीखेज खबरों से बचना चाहिए। मीडिया परिवार के सदस्यों के बयानों के पीछे न भागे। चीजों को कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ने दें।
पीड़ित परिवार और आरोपी परिवार दोनों को अपील
मीडिया में बयान देने की बजाय जांच एजेंसियों के सामने अपना पक्ष रखें, ताकि जांच पर कोई असर न पड़े। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि ट्विशा शर्मा मामले की जांच आज CBI अपने हाथ में ले लेगी।
क्या है पूरा मामला?
ट्विशा शर्मा 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल के घर की छत पर फंदे से लटकी हुई मिली थीं। मायके पक्ष का आरोप है कि पति समर्थ सिंह और सास (पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह) जिम्मेदार हैं। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है। ससुराल पक्ष का दावा है कि ट्विशा ड्रग्स लेने लगी थीं और आत्महत्या की है।
पहले पोस्टमॉर्टम में मौत को फांसी से जुड़ी बताया गया था, लेकिन परिवार की शिकायतों के बाद दिल्ली AIIMS की टीम ने 24 मई को दूसरा पोस्टमॉर्टम किया। रिपोर्ट में अभी कुछ समय लग सकता है।
जांच में उठे सवाल
FIR दर्ज करने में देरी।
सबूतों (कॉल डिटेल्स, CCTV फुटेज) को सुरक्षित रखने में लापरवाही।
पूर्व जज होने के कारण सास पर जांच प्रभावित करने के आरोप।
सुप्रीम कोर्ट ने इन सभी मुद्दों पर संज्ञान लिया है और संस्थागत पक्षपात व निष्पक्ष जांच की प्रक्रिया पर गौर कर रहा है। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट दूसरी तरफ गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत रद्द करने की याचिका पर सुनवाई कर रही है । भोपाल जिला अदालत कॉल डिटेल्स और AIIMS CCTV फुटेज सुरक्षित रखने संबंधी अर्जी पर सुनवाई कर रही है। वकीलों के अनुसार, हाई कोर्ट सुप्रीम कोर्ट के आदेश का इंतजार कर सकता है।
पति समर्थ सिंह का बयान
7 दिन की पुलिस रिमांड पर चल रहे समर्थ सिंह ने पूछताछ में कहा कि शादी के बाद रिश्ते सामान्य थे। प्रेग्नेंसी कन्फर्म होने के बाद ट्विशा का व्यवहार बदल गया। वे ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़े होने के कारण घरेलू जीवन में तनाव महसूस करती थीं। दिल्ली AIIMS टीम आज भोपाल लौट रही है, विस्तृत रिपोर्ट में हिस्टोपैथोलॉजी और विसरा परीक्षण के नतीजे शामिल होंगे।











