नईदिल्ली। ओमान तट (Oman coast) के पास भारतीय ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले की भारत ने कड़ी निंदा की है। भारत सरकार ने कहा है कि नागरिक जहाजों और समुद्री कर्मियों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है और इससे अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार तथा नौवहन की स्वतंत्रता प्रभावित होती है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को जारी बयान में कहा कि ओमान तट के पास भारतीय ध्वज वाले जहाज पर हमला चिंताजनक और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और निर्दोष नागरिक नाविकों को निशाना बनाया जाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भारत सरकार ने स्पष्ट किया कि जहाज पर मौजूद सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। साथ ही, संकट की स्थिति में सहायता और बचाव कार्य के लिए ओमान प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया गया।
विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि समुद्री व्यापार मार्गों और नौवहन की स्वतंत्रता को बाधित करने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए। भारत ने यह भी दोहराया कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा वैश्विक व्यापार और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
बताया जा रहा है कि यह घटना ऐसे समय हुई है जब क्षेत्र के प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों, विशेष रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास सुरक्षा को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। यह इलाका दुनिया के सबसे व्यस्त तेल और गैस परिवहन मार्गों में शामिल है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप-जिनपिंग की बीजिंग में मुलाकात, जिनपिंग ने कहा – ‘अमेरिकी कंपनियों के लिए चीन के दरवाजे हमेशा खुले’










