कपड़ा फेरीवालों के भेष में हो रही थी गांजा तस्करी, रायपुर रेंज पुलिस ने 12 अंतरराज्यीय तस्करों को दबोचा

Raipur Range Police

रायपुर। छत्तीसगढ़ की रायपुर रेंज पुलिस (Raipur Range Police) ने गांजा तस्करी के एक बेहद शातिर और नए तरीके का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिले में की गई संयुक्त नाकेबंदी और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 378.060 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार रुपए बताई गई है।

कार्रवाई में 11 वाहन समेत कुल 1 करोड़ 98 लाख 5 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने 12 अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक तस्करों ने इस बार गांजा सप्लाई के लिए बेहद अनोखा तरीका अपनाया था। आरोपी खुद को सड़क किनारे कपड़े बेचने वाले फेरीवाले (स्ट्रीट वेंडर्स) के रूप में पेश कर रहे थे। उन्होंने मोटरसाइकिलों की पिछली सीट पर लोहे की जाली वाला विशेष कम्पार्टमेंट बनवा रखा था, जिसके पीछे कपड़ों का ढेर लगाकर गांजा छिपाया जाता था।

बाहर से देखने पर ऐसा लगता था कि बाइक सवार केवल कपड़ा बेचने का काम कर रहे हैं, लेकिन अंदर बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर ओडिशा से मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था।

ओडिशा से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्र से लाया जा रहा था और इसे मध्यप्रदेश में सप्लाई किया जाना था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले भी तस्कर एम्बुलेंस, केला परिवहन, मूवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस ट्रेवल्स और ट्रेन जैसी व्यवस्थाओं की आड़ में गांजा तस्करी करते पकड़े जा चुके हैं। अब कपड़ा फेरीवालों का भेष अपनाकर तस्करी की कोशिश की जा रही थी, जिसे रायपुर रेंज पुलिस ने विफल कर दिया।

महासमुंद जिले के बसना थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांच मोटरसाइकिलों में सवार तस्करों को पकड़कर 215 किलो गांजा जब्त किया। वहीं दूसरे मामले में 23 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कोमाखान थाना पुलिस ने भी टेमरी जांच नाका पर बाइक सवार दो लोगों से 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया।

महासमुंद जिले में कुल 247 किलो गांजा, 7 मोटरसाइकिल, 6 मोबाइल फोन और गांजा छिपाने के लिए इस्तेमाल लोहे के जाले जब्त किए गए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1.28 करोड़ रुपए बताई गई है।

धमतरी में 131 किलो गांजा बरामद

धमतरी जिले में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 131.005 किलो गांजा जब्त किया। यहां तीन मोटरसाइकिलों में तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया।

धमतरी जिले में 131 किलो गांजा, 3 मोटरसाइकिल, 3 मोबाइल और नकद राशि जब्त की गई। कुल संपत्ति की कीमत करीब 69.61 लाख रुपए आंकी गई है।

पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह है, जो लगातार नए-नए तरीकों से गांजा तस्करी की कोशिश कर रहा है। रायपुर रेंज के ओडिशा सीमा से लगे जिलों में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके चलते तस्करों की योजनाएं नाकाम हो रही हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now