रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपु़र में एक वकील (Lawyer was attacked) पर जानलेवा हमला हुआ है। सिविल लाइन इलाके के राजा तालाब की यह घटना बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, राजा तालाब इलाके में रहने वाले अधिवक्ता रमीज खान पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले आरोपी युवक और पीड़ित पक्ष के बीच विवाद हुआ था, जिसमें आरोपी की पिटाई हुई थी। इसी रंजिश को लेकर आरोपी फजल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
हमले में अधिवक्ता रमीज खान को छाती, पसली और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सिविल लाइन थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद स्थानीय वकीलों में नाराजगी देखने को मिली है। देर रात बड़ी संख्या में अधिवक्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की। वकीलों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राजधानी में अपराधियों के मन से पुलिस का भय खत्म होता जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।











