पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बीच हिंसा भड़की, आसनसोल में टीएमसी कार्यालय में आगजनी

Bengal

लेंस डेस्क। पश्चिम बंगाल (West Bengal) विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच राज्य के कई हिस्सों से हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। हालात को देखते हुए कई जिलों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

आसनसोल के जमुरिया इलाके में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक पार्टी कार्यालय में आग लगा दी गई। टीएमसी ने इस घटना के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि, इस मामले में भाजपा की ओर से अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

चुनावी रुझानों में भाजपा की बढ़त ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है। बताया जा रहा है कि पार्टी राज्य में पहली बार पूर्ण बहुमत की ओर बढ़ रही है, जिससे कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की घटनाएं बढ़ गई हैं।

बांकुरा जिले में भी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबर है, जबकि उत्तर 24 परगना के बैरकपुर स्थित एक मतगणना केंद्र पर विवाद के बाद स्थिति बिगड़ गई। हालात को काबू में करने के लिए सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।

वहीं कूच बिहार के दिनहाटा में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इससे पहले आसनसोल के एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बने मतगणना केंद्र पर भी तोड़फोड़ की घटना सामने आई, जहां कुर्सियों और वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया।

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की हिंसा से सख्ती से निपटा जाएगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now