भागलपुर: बिहार (Bihar)के भागलपुर में बुधवार को गंगा नदी में बड़ा नाव हादसा हो गया। नवगछिया के राघोपुर इलाके में कटाव निरोधी काम में जुटे मजदूरों से भरी नाव अचानक तेज धारा में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, नाव पर करीब 22 मजदूर सवार थे। नाव पलटने के बाद मजदूरों ने पानी में कूदकर अपनी जान बचाने की कोशिश की। SDRF की टीम ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 21 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि एक मजदूर के लापता होने की सूचना है। उसकी तलाश में बचाव दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है।
कटाव रोकने के काम में जुटे थे मजदूर
बताया जा रहा है कि राघोपुर इलाके में गंगा के कटाव को रोकने के लिए मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे नाव से नदी पार कर रहे थे। तेज बहाव और नदी की बदलती धारा के बीच नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई।
SDRF ने संभाला मोर्चा
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और SDRF (State Disaster Response Force) की टीम मोटरबोट और लाइफ जैकेट के साथ मौके पर पहुँची। अधिकांश मजदूरों ने तैरकर या रेस्क्यू टीम की मदद से अपनी जान बचाई। लापता मजदूर की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।







