रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती में स्थित वेदांता पॉवर प्लांट (Vedanta Power Plant Accident) में हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है। जांच में प्रथम दृष्टया प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

पुलिस ने अनिल अग्रवाल, प्लांट हेड देवेंद्र पटेल समेत कुल 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सभी के खिलाफ लापरवाही से मौत की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
14 अप्रैल को वेदांता पावर प्लांट में हुए बॉयलर ब्लास्ट में 20 मजदूरों की मौत हुई थी, जबकि 16 घायल मजदूरों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है। प्रशासन की सूची के अनुसार मृतकों में 5 छत्तीसगढ़ के और 15 अन्य राज्यों के मजदूर शामिल हैं।
घटना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर श्रम कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। वहीं केंद्र सरकार की ओर से पीएम नेशनल रिलीफ फंड के तहत मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई है।
वेदांता प्रबंधन की ओर से मृतकों के परिजनों को 35-35 लाख रुपये और एक सदस्य को नौकरी देने का ऐलान किया गया है। वहीं घायलों को 15-15 लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही गई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की संयुक्त जांच जारी है। हादसे के कारणों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
इस एफआईआर के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एफआईआर सावर्जनिक नहीं किए जाने पर सवाल खड़े किए। पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में पोस्ट किया, ‘सूचना है कि सक्ती में 20 लोगों की दर्दनाक मौत पर एफ़आईआर हो गई है। लेकिन सरकार इस एफ़आईआर को सार्वजनिक नहीं कर रही है। प्रदेश की जनता को जानने का हक़ है कि किनके ख़िलाफ़ किन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पहले इसी वेदांता कंपनी में हुए हादसे में तकरीबन 40 लोगों की मौत हुई थी. पर तत्कालीन भाजपा सरकार ने लीपा-पोती कर दी थी। कंपनी के मालिकों और ठेकेदार को रमन सरकार ने बचा लिया था। ऐसा अबकी बार नहीं होना चाहिए। चाहे कोई कितना भी बड़ा हो, कार्रवाई होनी ही चाहिए।’











