द लेंस डेस्क। आज से गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही धूप अब तपने लगी है। और सूरज आग उगल रहा है। देश में तापमान भी 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि ये हीट वेव का असर है, जो अब धीरे-धीरे पूरा जोर पकड़ रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है। यानि कि लोगों को अब गर्मी सताने लगी है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस साल देश में मानसून सामान्य रहने वाला है। एजेंसी के मुताबिक, 80 प्रतिशत से ज्यादा संभावना है कि मानसून सामान्य या उससे अधिक रहेगा। इधर, देश के उत्तरी-पश्चिमी राज्यों में अप्रैल के पहले हफ्ते से ही लू का असर दिखने लगा है। राजस्थान, दिल्ली, मध्य प्रदेश, गुजरात, हरियाणा और पंजाब के कई हिस्से हीटवेव की चपेट में आ गए हैं। मध्य प्रदेश के 30 जिलों में आज हीटवेव का अलर्ट भी जारी किया गया है।
इधर अगर दिल्ली की बात करें तो 15 साल बाद अप्रैल में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। कई इलाकों में हीटवेव के हालात हैं। इससे पहले 2011 में यह स्थिति निर्मित हुई है। राजस्थान के बाड़मेर में 10 साल बाद अप्रैल में पारा 47 डिग्री पहुंचा है।इसी के साथ जैसलमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में तेज गर्मी रही।
ऐसा रह सकता है मौसम
अगले 2 दिन तक राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश और गुजरात में 2-4 डिग्री का तापमान बढ़ने की संभावना है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के चलते बिहार, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। केरल, महाराष्ट्र, गोवा और तटीय तमिलनाडु में उमस परेशान करेगी। बंगाल की खाड़ी में बनते लो प्रेशर से 11 अप्रैल के बाद पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश हो सकती है।