शिमला। FIR दर्ज होने के बाद मंडी से भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सोनिया गांधी और गांधी परिवार को लेकर सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में शिमला पुलिस ने 13 नवंबर को बालूगंज थाने में केस दर्ज किया है।
रिटायर्ड कैप्टन की शिकायत पर कार्रवाई
शिमला निवासी रिटायर्ड कैप्टन अतुल शर्मा ने 12 नवंबर को प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को ईमेल भेजकर शिकायत की थी। इसमें कंगना के सोशल मीडिया अकाउंट से 10 नवंबर को शेयर की गई एक पोस्ट पर आपत्ति जताई गई थी।
शिकायत के अनुसार, पोस्ट में सोनिया गांधी को ‘रहस्यमयी विदेशी नागरिक’ बताते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, संजय गांधी और राजीव गांधी की मौत को उनके राजनीतिक उदय से जोड़कर सवाल उठाए गए थे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियां भ्रामक हैं और सामाजिक सद्भाव बिगाड़ सकती हैं।
पुलिस जुटा रही पोस्ट से जुड़े साक्ष्य
पुलिस ने BNS की धारा 196(1)(b), 353(2) और 356(2) के तहत केस दर्ज किया है। इनमें विभिन्न समूहों के बीच वैमनस्य बढ़ाने, सार्वजनिक अशांति पैदा करने वाले बयान और मानहानि से जुड़े प्रावधान शामिल हैं।
शिमला के एसपी गौरव सिंह ने FIR की पुष्टि की है। शिकायतकर्ता ने पोस्ट की साइबर फॉरेंसिक जांच की मांग भी की है। फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है। मामले में कंगना रनौत या भाजपा की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।











