नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए एक वीडियो में कहा कि उनका मोबाइल फोन टैप किया जा रहा है। एक यूजर के सवाल का जवाब देते हुए राहुल ने दावा किया कि उनके फोन में कई अहम सबूत मौजूद हैं।
राहुल गांधी ने कहा, ‘सबूत यहीं इस फोन में है। प्रधानमंत्री को यह बात पता है क्योंकि वे मेरा फोन टैप करते हैं। जिस पल वे आमने-सामने की बहस के लिए आएंगे, सबको पता चल जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है, कौन देशद्रोही है और वे कब से ऐसा कर रहे हैं।’ उन्होंने प्रधानमंत्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि बहस में सारी बातें सामने आ जाएंगी।
राहुल ने आरोप लगाया कि संसद में उन्हें कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बोलने का मौका नहीं दिया जाता। कृषि कानून, वोट चोरी, चीन से जुड़े मुद्दे, जनरल नरवणे की किताब और अन्य विषयों पर उनका माइक बंद कर दिया जाता है। इसलिए वे संसद के बाहर खुली बहस चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी पसंद का कोई भी व्यक्ति जज बना सकती है।
यह पिछले कुछ दिनों में राहुल गांधी की सातवीं चुनौती है। इससे पहले भी वे कई बार प्रधानमंत्री को बहस के लिए आमंत्रित कर चुके हैं। इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में फिर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस इसे मोदी सरकार की जवाबदेही तय करने की कोशिश बता रही है, जबकि भाजपा की तरफ से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राहुल गांधी का यह बयान सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोग इसे विपक्ष की आक्रामक रणनीति बता रहे हैं। देखना होगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या भाजपा इस चुनौती पर कोई जवाब देती है या नहीं। फिलहाल राहुल गांधी की यह बात सियासी चर्चा का केंद्र बनी हुई है।








