राजधानी में युवक की हत्या, कुछ ही घंटों में 4 नाबालिग पकड़े गए; पुरानी रंजिश में वारदात का शक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर (Raipur)के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर 4 नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इनमें से 3 नाबालिगों को बिलासपुर से और एक को रायपुर से पकड़ा गया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह पुरानी रंजिश और आपसी विवाद सामने आया है।

पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात करीब सवा 11 बजे की है। पुरानी बस्ती पुलिस को अश्वनी नगर क्षेत्र में एक युवक के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक की पहचान अहमद रजा उर्फ बाबू के रूप में हुई।

पुलिस ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए AIIMS रायपुर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

हत्या की गंभीरता को देखते हुए DCP वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुड़िया के निर्देशन में थाना पुरानी बस्ती और ACCU की विशेष टीम गठित की गई। टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर की सूचना और अन्य माध्यमों से आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना में शामिल कुछ नाबालिग रायपुर से बाहर निकलकर बिलासपुर की ओर गए हैं और ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहे हैं।

इसके बाद रायपुर पुलिस ने तत्काल RPF से संपर्क कर समन्वय स्थापित किया। सूचना के आधार पर बिलासपुर में घेराबंदी और दबिश दी गई।
पुलिस की टीम ने बिलासपुर से 3 नाबालिगों को पकड़ लिया। वहीं रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर एक अन्य नाबालिग को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ और जांच में हत्या के पीछे पुराना विवाद और आपसी रंजिश सामने आई है। हालांकि घटना की पूरी वजह और इसमें प्रत्येक नाबालिग की भूमिका को लेकर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

पुलिस घटना में इस्तेमाल वस्तुओं और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों को भी जुटा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, पकड़े गए 4 नाबालिगों में से एक पहले भी लूट के एक मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में रह चुका है। वह कुछ दिन पहले ही वहां से बाहर आया था।

पुलिस का कहना है कि बाहर आने के कुछ ही समय बाद उसके इस हत्या की घटना में शामिल होने की बात प्रारंभिक जांच में सामने आई है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों एवं साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now