रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूल वैन को ट्रेन ने कुचला, 3 की मौत, गाड़ी के परखच्चे उड़े

मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल)। पश्चिम बंगाल (West Bengal) के मुर्शिदाबाद जिले में एक रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूली बच्चों से भरी वैन को पैसेंजर ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो स्कूली छात्र शामिल हैं। हादसे में तीन अन्य छात्र और वैन ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना उस समय हुई जब स्कूल वैन रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए और बच्चे गाड़ी के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को बाहर निकालकर बचाने की कोशिश की।

हादसा कैसे हुआ?

पुलिस के अनुसार, एक एक्सप्रेस ट्रेन के गुजरने के बाद गेटमैन ने फाटक खोल दिया। ड्राइवर को लगा कि रास्ता साफ है, इसलिए उसने वैन आगे बढ़ा दी। ठीक उसी समय दूसरी तरफ से निमतिया-कटवा लोकल ट्रेन तेज रफ्तार में आ गई। ट्रेन ने स्कूल वैन को सीधे टक्कर मार दी। एक साइकिल सवार भी उसी समय ट्रैक पार कर रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गेटमैन की लापरवाही और सिग्नल सिस्टम में गड़बड़ी के कारण यह हादसा हुआ।

घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल तीन छात्रों और ड्राइवर को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद स्थानीय निवासियों ने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि गेट खोलने से पहले यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि कोई दूसरी ट्रेन न आ रही हो। रेलवे अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और गेटमैन से पूछताछ की जा रही है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now