रायपुर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 2 सितंबर को छत्तीसगढ़ के रायपुर दौरे पर रहेंगे। अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान वे AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन और AIIMS प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। AIIMS रायपुर ने भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर तीसरे दीक्षांत समारोह की तारीख 2 सितंबर 2026 निर्धारित की है।
एम्स प्रबंधन के अनुसार, उपराष्ट्रपति इस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल भी समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10 बजे रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वे AIIMS रायपुर के लिए रवाना होंगे और करीब 10:45 बजे AIIMS परिसर पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 11 बजे से AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम में AIIMS रायपुर के शिक्षक, विद्यार्थी, पूर्व छात्र और अन्य आमंत्रित अतिथि भी शामिल होंगे।
AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में अलग-अलग स्तर के मेडिकल और हेल्थ साइंस पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इनमें अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट, सुपर-स्पेशियलिटी, डॉक्टोरल और एलाइड हेल्थ साइंसेज प्रोग्राम से जुड़े ग्रेजुएट डॉक्टर शामिल हैं।
AIIMS रायपुर ने NIRF 2025 मेडिकल रैंकिंग में 31वां स्थान हासिल किया, जबकि 2024 में संस्थान 38वें स्थान पर था। संस्थान ने रोबोटिक सर्जरी, किडनी ट्रांसप्लांट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित हेल्थकेयर रिसर्च और बायोमेडिकल इनोवेशन के क्षेत्र में भी काम आगे बढ़ाया है।
AIIMS रायपुर ने ‘देव हस्त’ के तहत सेंट्रल इंडिया के पहले सरकारी क्षेत्र के रोबोटिक सर्जरी कार्यक्रम की शुरुआत को भी अपनी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया है।









