नई दिल्ली। कांग्रेस ने यूपी के प्रभारी पद से अविनाश पांडेय को हटा दिया है। उनकी जगह अब इस पद की जिम्मेदारी दलित नेता राजेंद्र पाल गौतम को दी गई है। इसके अलावा संजय दत्त को हरियाणा और लालजी देसाई को उड़ीसा का प्रभारी बनाया गया है।अविनाश पांडेय को 2024 लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 2023 में प्रियंका गांधी की जगह यूपी का प्रभारी बनाया था। बी वी श्रीनिवास को सेवा दल का मुख्य ऑर्गेनाइजर बनाया गया है।
चुनाव में सामाजिक न्याय का फार्मूला फिट करने की कवायद
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, यह फैसला आगामी विधानसभा चुनाव में जातीय समीकरणों को दुरुस्त करने के लिए लिया गया है। दरअसल, अब तक यूपी में कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय और प्रभारी अविनाश पांडेय दोनों ही सवर्ण जाति से हैं। लोकसभा चुनाव में सोशल इंजीनियरिंग के दम पर मिली सफलता के बाद कांग्रेस अब संगठन में भी इसे लागू करना चाहती थी।
बसपा के साथ बन सकती है नई संभावनाएं
नहीं भुला जाना चाहिए कि राजेंद्र पाल गौतम मायावती के बेहद नजदीक रहे हैं। राहुल गांधी ने भी हाल में मायावती की तारीफ की है। राजेंद्र पाल मायावती से साथ नए समीकरण बना सकते हैं।कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार जातिगत जनगणना और ‘जिसकी जितनी आबादी, उसकी उतनी हिस्सेदारी’ का मुद्दा उठा रहे हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील राज्य में दोनों शीर्ष पदों पर सवर्णों का होना पार्टी की इस रणनीति के अनुकूल नहीं बैठ रहा था। 2027 की लड़ाई को मजबूती से लड़ने के लिए कांग्रेस अब यूपी प्रभारी के रूप में दलित चेहरे को लाकर राज्य के दलितों को आकर्षित करना चाहती है।







