रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में CBI की टीम ने रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। CBI ने रेलवे के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में DMS जे. राजशेखर और महिला टीटीई रामा लक्ष्मी शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर रेलवे में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला अभ्यर्थी से रिश्वत मांगने का आरोप है। CBI ने कार्रवाई करते हुए दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। टीम ने आरोपियों के पास से 5 लाख रुपए नगद भी बरामद किए हैं।
बताया जा रहा है कि महिला अभ्यर्थी से नौकरी लगवाने के बदले मोटी रकम की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद CBI ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद CBI ने दोनों कर्मचारियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 4 दिन की पुलिस रिमांड पर CBI को सौंप दिया है। अब 19 मई तक CBI दोनों आरोपियों से पूछताछ करेगी और यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। CBI की इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है।








