दिल्ली में दर्दनाक हादसा: AC ब्लास्ट से 4 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, 9 लोगों की मौत, कई झुलसे

Massive fire in Delhi

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में रविवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग (Massive fire in Delhi) लगने से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 4 पुरुष, 4 महिलाएं और डेढ़ साल का एक बच्चा शामिल है। हादसे में 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

दिल्ली फायर सर्विस के अनुसार सुबह करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 8 बजे आग पर काबू पाया गया। एसी ब्लास्ट के बाद आग लगने की वजह सामने आई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बिल्डिंग में पहले एसी में धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ लोगों ने शॉर्ट सर्किट की भी आशंका जताई है। हालांकि अधिकारियों ने अभी तक आग लगने की असली वजह की पुष्टि नहीं की है। जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक दूसरे फ्लोर से 5 शव मिले, जिनकी पहचान अरविंद जैन, उनकी पत्नी अनीता जैन, बेटे निशांत जैन, बहू आंचल जैन और डेढ़ साल के पोते आकाश जैन के रूप में हुई।

तीसरे फ्लोर से नितिन जैन, उनकी पत्नी शैले जैन और बेटे सम्यक जैन मृत पाए गए। पहले फ्लोर से शिखा जैन का शव मिला, जबकि उनके पति घायल बताए गए हैं।

स्थानीय पार्षद के अनुसार कुछ शव इतने बुरी तरह जल चुके हैं कि पहचान के लिए DNA टेस्ट कराना पड़ सकता है।

दमकल अधिकारियों ने बताया कि बिल्डिंग के हर फ्लोर पर दो 4BHK फ्लैट थे और कुल 8 फ्लैट्स में से 6 आग की चपेट में आ गए। खिड़कियों और बालकनी पर लगी ग्रिल के कारण बचाव कार्य में काफी परेशानी हुई।

फिर भी दमकल कर्मियों ने सीढ़ियां लगाकर कई लोगों को खिड़कियों से बाहर निकाला। एक व्यक्ति करीब 30% तक झुलस गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

AC में आग या ब्लास्ट क्यों होता है?

गर्मी के मौसम में एसी का इस्तेमाल तेजी से बढ़ता है। ऐसे में लापरवाही बड़े हादसे की वजह बन सकती है। विशेषज्ञों के मुताबिक AC में आग लगने के मुख्य कारण ओवरयूज, गैस लीक, वोल्टेज फ्लक्चुएशन, खराब वायरिंग या सर्विसिंग की कमी से होता है।

इससे बचाव के लिए कई उपाय बताए गए हैं। इसमें एसी को लगातार कई घंटों तक न चलाएं, समय-समय पर सर्विस करवाने, गैस लीक होने पर तुरंत मरम्मत कराने, वोल्टेज समस्या हो तो स्टेबलाइजर लगाने, इंस्टॉलेशन और रिपेयरिंग हमेशा प्रोफेशनल से कराने, जलने की गंध, आवाज या स्पार्क दिखे तो तुरंत AC बंद करने की सलाह दी जाती है।

उपराज्यपाल और CM ने जताया शोक

दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के हुए भीषण अग्निकांड पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों नेताओं ने कहा कि प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता और राहत प्रदान की जा रही है।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि विवेक विहार फेज-1 में हुए अग्निकांड से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने आगे लिखा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों को सभी जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाई जाए। साथ ही दिल्ली अग्निशमन सेवा और आपातकालीन दल स्थिति को संभालने में जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज जारी है और सरकार हर परिस्थिति में प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, दिल्ली अग्निशमन सेवा, दिल्ली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में लगे हुए हैं। भाजपा के स्थानीय पार्षद और विधायक भी मौके पर पहुंच चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now