रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नुआखाई शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर नुआखाई (Nuakhai) शोभायात्रा संचालन समिति गाड़ा समाज, रायपुर ने सिविल लाइन स्थित अंबेडकर मंगल भवन में अस्थायी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजन, युवा, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में समाज के सदस्य शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने नुआखाई पर्व के सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज से एकजुट होकर इस लोकपर्व को भव्यता के साथ मनाने का आह्वान किया। उपस्थित समाजजनों ने आपसी भाईचारे, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि यह अस्थायी कार्यालय नुआखाई शोभायात्रा की रूपरेखा तैयार करने, विभिन्न व्यवस्थाओं के समन्वय और समाज के लोगों को जोड़ने के लिए प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करेगा। कार्यक्रम के अंत में समिति ने सभी उपस्थित समाजजनों, मातृशक्ति एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।











