रायपुर। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के कुम्हारी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कुम्हारी थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर ब्लास्ट (Cylinder Blast) होने से एक ही परिवार के चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में डेढ़ साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।
जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी स्थित एक मकान में अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के लोग दहल उठे। विस्फोट के तुरंत बाद घर में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा मकान आग की लपटों में घिर गया। उस समय परिवार के सदस्य घर के अंदर मौजूद थे, जिन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।
धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। कई लोगों ने घर में फंसे लोगों को बचाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग इतनी भयावह थी कि कोई अंदर नहीं जा सका। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझने के बाद घर के भीतर से चार लोगों के शव बरामद किए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में गैस सिलेंडर लीकेज के बाद ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है।











