आंध्र प्रदेश | विशाखापट्टनम (Visakhapatnam)के एक निजी स्कूल में गुरुवार को दर्दनाक घटना हुई। लिटिल गार्डन्स स्कूल में यूकेजी में पढ़ने वाले 6 वर्षीय प्रणय तेजा की क्लासरूम में ही मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि टीचर की डांट और थप्पड़ की वजह से बच्चे को डर के मारे हार्ट अटैक आ गया।
सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हो गई है। फुटेज में दिख रहा है कि बच्चा कक्षा में लाइन में खड़ा था। टीचर उसके कपड़े ठीक करने की कोशिश कर रहे थे।
इसी दौरान बच्चे ने रोना शुरू कर दिया। इसके बाद टीचर ने कथित तौर पर दो बार थप्पड़ मारे।
थप्पड़ लगने के तुरंत बाद बच्चा बेहोश होकर टीचर की गोद में गिर पड़ा। स्कूल में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे को तुरंत किंग जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार का कहना है कि होमवर्क पूरा न करने पर टीचर ने बच्चे को डांटा और पीटा, जिससे वह दहशत में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन स्कूल पहुंचे।
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्होंने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और प्रदर्शन किया। वे दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।पुलिस और स्कूल प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक बयान आना बाकी है।
बच्चे की मौत का असली कारण पोस्टमार्टम और मेडिकल जांच के बाद ही पता चल सकेगा।








