दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar)के इस्तीफे और SIR के विरोध में इंडिया ब्लॉक के नेता गुरुवार को लगातार तीसरे दिन दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे। जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई मारपीट के मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ पुलिस ने तीन FIR दर्ज की हैं।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इन FIR में प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और अशांति से जुड़े आरोप शामिल हैं। इससे पहले 6 अक्टूबर को आकाशवाणी बिल्डिंग में घुसने के आरोप में भी एक FIR दर्ज हो चुकी थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं FIR से नहीं डरता। मेरे खिलाफ पहले ही 45 FIR हो चुकी हैं। मैं चाहता हूं कि 100 FIR हों।’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार दूसरे दिन इंडिया ब्लॉक के नेताओं के लिए लंच का आयोजन करेंगे। यह लंच कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल स्थित मोएट्स रेस्टोरेंट में दोपहर 1:45 बजे होगा। बुधवार को भी खड़गे ने विपक्षी सांसदों के लिए लंच रखा था, जिसके बाद नेता जंतर-मंतर पहुंचे थे।
पटना में महागठबंधन चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ लोकभवन मार्च निकालेगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव इस मार्च में शामिल होंगे। पुलिस ने मार्च रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई थी, जिसे तेजस्वी यादव फांदते दिखे। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बताया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन के विधायक और सांसद राज्यपाल को ज्ञापन देंगे। उनकी मुख्य मांग ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त पद से हटाने की है।
आगरा में सुरक्षा बढ़ाई गई
ज्ञानेश कुमार के गृह जिले आगरा स्थित उनके आवास पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। विरोध प्रदर्शनों के बीच यह कदम उठाया गया है। ज्ञानेश कुमार को पहले से ही जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है।
भोपाल और उत्तराखंड में भी प्रदर्शन
भोपाल में शहर जिला कांग्रेस ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ पैदल मार्च निकालेगी। यह मार्च शाम 4:30 बजे व्यापमं चौराहे से शुरू होकर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर समाप्त होगा। उत्तराखंड में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन देहरादून में ‘लोकतंत्र बचाओ-संविधान बचाओ-वोट बचाओ’ मार्च निकालेंगे। मार्च गांधी पार्क से शुरू होकर घंटाघर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक जाएगा। प्रदेश के अन्य जगहों पर भी प्रदर्शन की तैयारी है।
राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा
इंडिया ब्लॉक के नेताओं ने 10 अक्टूबर को राष्ट्रपति से मुलाकात का समय मांगा है। उन्होंने आज राष्ट्रपति को पत्र सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग रखी है। विपक्ष का यह विरोध कई राज्यों में फैल चुका है। दिल्ली में लंच के बाद नेता फिर जंतर-मंतर पहुंचने वाले हैं, जबकि पटना, भोपाल और देहरादून में भी बड़े प्रदर्शन होंगे।










