सुकमा। सुकमा जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में गुरुवार को सीआरपीएफ के जवानों के साथ हादसा हो गया। अनसर्विसिबल और बचे हुए विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान एक विस्फोटक का अंश पास में गिरकर फट गया। घटना अलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुई। इस हादसे में चार जवान घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल हुए ASI एम.के. तिवारी और एएसआई अनीश खान। निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आईं। सभी घायलों को पहले शासकीय अस्पताल कोंटा ले जाया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए भद्राचलम स्थानांतरित कर दिया गया। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। प्रशासन और सुरक्षा बल इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं।








