नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली (Delhi)के सीमापुरी इलाके से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। बुधवार दोपहर मछली मंडी और ईदगाह मस्जिद के पास स्थित एक 5 मंजिला इमारत अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। मलबे के नीचे मकान मालिक के परिवार समेत 8 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, दिल्ली पुलिस और राहत-बचाव दल (Rescue Teams) मौके पर पहुंचे और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
2 बच्चों समेत 5 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
स्थानीय लोगों और बचाव टीमों की मदद से अब तक दो बच्चों समेत लगभग 5 से 6 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सभी घायलों को तुरंत पास के राजीव गांधी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। मलबे के अंदर अभी भी 2 से 3 लोग फंसे हुए हैं, जिनसे रेस्क्यू टीम का संपर्क बना हुआ है और उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है।
दोपहर 3:10 बजे हुआ हादसा, संकरी गली बनी चुनौती
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 3:10 बजे की है। फायर कंट्रोल रूम को 3:15 बजे इमारत गिरने की पहली कॉल मिली।
इमारत की बनावट : इस 5 मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें बनी हुई थीं, जबकि ऊपर की चार मंजिलों पर अलग-अलग परिवार रहते थे।
मकान मालिक का परिवार भी फंसा : बताया जा रहा है कि बिल्डिंग का मालिक अपने परिवार के साथ इसी इमारत में रहता था और वे भी मलबे के नीचे दब गए हैं।
संकरी गली : इमारत गली के काफी अंदर स्थित है, जिससे राहत और बचाव कार्यों में गाड़ियों को पहुंचने में थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पार्षद पंकज लूथरा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।







