जमुई। बिहार के जमुई कांड (Jamui Kand) के मुख्य आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस की यह बड़ी कार्रवाई हुई है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी नंदन यादव की पुलिस से मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरे आरोपी हरेराम यादव के पैर में चोट लगने और पैर टूटने की सूचना है। दोनों को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नंदन यादव मड़वा पहाड़ी इलाके के आसपास छिपा हुआ था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान वह भागने लगा और पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया गया।
क्या है पूरा मामला?
जमुई में 19 सितंबर की शाम कोचिंग से लौट रहे एक नाबालिग छात्र और छात्रा को कुछ युवकों ने रोक लिया था। आरोप है कि उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की गई। छात्रा के साथ अश्लील हरकत का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मुख्य आरोपी नंदन यादव समेत कुछ अन्य आरोपी फरार थे। मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है और पुलिस ने घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी रखी है।
वीडियो वायरल करने वालों पर भी कार्रवाई
पुलिस ने नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करते हुए वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। जानकारी के मुताबिक करीब 120 सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ साइबर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से ऐसे वीडियो को शेयर या प्रसारित नहीं करने की अपील की है।
इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए बिहार के DGP से कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।









