72 घंटे में होगी स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी, SC/ST एक्ट की धाराएं भी जुड़ी

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को कहा कि दिल्ली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि स्वतंत्र भारद्वाज (Swatantra Bhardwaj) को 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। स्वतंत्र भारद्वाज पर जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान CJP एक्टिविस्ट निशु आजाद के पिता के साथ मारपीट करने का आरोप है। खुद को ‘कट्टर हिंदू’ बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज को क्लिप में यह मानते हुए देखा गया कि उसने विरोध प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार का सिर फोड़ दिया था और गंभीर आरोप होने के बावजूद जेल जाने से बच गया था।नगीना से सांसद चंद्रशेखर भी निशु आजाद को लेकर थाने पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस के साथ करीब 2 घंटे तक वार्ता चली। स्वतंत्र के खिलाफ SC/ST एक्ट की धाराएं भी लगाई जाएंगी।

दिल्ली पुलिस संजय कुमार का दोबारा मेडिकल कराएगी और उसके आधार पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। मेडिकल जांच के आधार पर तय किया जाएगा कि हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया जाए या नहीं। कॉकरोच जनता पार्टी ने स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

CJP एक्टिविस्ट निशु आजाद ने कहा, “पुलिस अधिकारियों ने हमें भरोसा दिलाया है कि स्वतंत्र को 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने एक्शन लेने का वादा किया है और हमें उम्मीद है कि अब और देरी नहीं होगी। कई दिनों से उसके समर्थक मुझे गाली दे रहे हैं, रेप की धमकियां दे रहे हैं। मैंने उनके खिलाफ FIR भी कर दी है। इस घटना ने मुझ पर बहुत बुरा असर डाला। मैंने हफ्तों तक स्कूल जाना बंद कर दिया और मुझे लगा कि हर कोई मुझे जज कर रहा है। मुझे उम्मीद है कि पुलिस अब एक्शन लेगी और यह पक्का करेगी कि मुझे और तकलीफ न हो।”

कॉकरोच जनता पार्टी ने भी कहा है कि दिल्ली पुलिस ने भरोसा दिया है कि जंतर-मंतर पर निशु आजाद के पिता पर हमला करने के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। CJP सह संयोजक सौरव दास ने कहा, “उसे 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अगर वे उसे गिरफ्तार नहीं करते हैं तो पूरा देश देख रहा है। हम देखेंगे।”

निशु आजाद के वकील और कांग्रेस लॉ डिपार्टमेंट के ऋषभ रंजन ने बताया, “पुलिस के साथ हुई मीटिंग में, एडिशनल DCP मंजीत शर्मा की मौजूदगी में हमने मांग की कि मौजूदा FIR में हत्या की कोशिश, आपराधिक धमकी और SC/ST एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ी जाएं। पुलिस ऐसा करने के लिए सहमत हो गई है। हमने मांग की है कि निशु को मिल रही ऑनलाइन धमकियों के लिए एक अलग FIR दर्ज की जाए। दिल्ली पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि वे उसे (स्वतंत्र भारद्वाज को) आज या 72 घंटों के भीतर गिरफ्तार कर सकते हैं। हमने उन अकाउंट्स की लिस्ट दी है जिनके जरिए निशु के खिलाफ ऑनलाइन बदसलूकी की जा रही है।”पुलिस ने हमारी मांग मान ली है। निशु आजाद के पिता संजय आजाद ने कहा, “दिल्ली पुलिस ने FIR में कानून की जरूरी धाराएं जोड़ने की हमारी मांग मान ली है। पुलिस ने कहा है कि आरोपी को 72 घंटे में गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हमें दिल्ली पुलिस और संविधान पर पूरा भरोसा है कि आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।”

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now