Suicide Attack on in Pakistan: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले में शनिवार को सुरक्षा बलों पर बड़ा आत्मघाती हमला हुआ है। आतंकियों ने विस्फोटकों से भरी एक कार को पुलिस स्टेशन में घुसाकर जोरदार धमाका किया। विस्फोट के बाद भारी गोलीबारी भी हुई, जिसमें 15 पुलिसकर्मियों के मारे जाने की आशंका है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमला इतना शक्तिशाली था कि पूरा पुलिस स्टेशन ढह गया। कम से कम तीन पुलिसकर्मियों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। हमले के समय स्टेशन पर करीब 15 जवान ड्यूटी पर थे।
हमलावरों ने पहले कार को पुलिस स्टेशन के मुख्य द्वार से टकराया और फिर विस्फोट कर दिया। इसके बाद मदद के लिए पहुंचे अन्य पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी गई। कुछ रिपोर्ट्स में ड्रोन का भी इस्तेमाल होने की बात कही गई है। इलाके में आसपास के घर और इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिसमें दो आम नागरिक घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। बचाव दल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गए हैं तथा घायलों का इलाज बन्नू के अस्पतालों में चल रहा है। अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पाकिस्तानी तालिबान (TTP) पर शक जता रही हैं। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान और अफगानिस्तान सीमा पर पहले से ही सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।











