Mahakal Stampade: उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में सोमवार को सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के मौके पर भारी भीड़ उमड़ी। इसी दौरान हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले इलाके में भीड़ का दबाव बढ़ने से करीब 13 श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। परिजनों और सुरक्षाकर्मियों ने इन लोगों को तुरंत उज्जैन जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी का इलाज चल रहा है और चिकित्सक उनकी हालत पर नजर रखे हुए हैं।
इस साल नागपंचमी और सावन का तीसरा सोमवार एक ही दिन पड़ने से दर्शनार्थियों की संख्या काफी बढ़ गई। भगवान महाकाल और नागचंद्रेश्वर मंदिर के विशेष दर्शन के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे। मंदिर प्रशासन के अनुसार अब तक करीब 5.50 लाख लोग दर्शन कर चुके हैं। मंदिर क्षेत्र और आसपास के रास्तों पर भारी भीड़ बनी हुई है।
कुछ प्रभावित श्रद्धालुओं के नाम
सागर (15 वर्ष), किसनपुरा
सजीव नोनू चौधरी (36 वर्ष), दरभंगा (बिहार)
खुशी (20 वर्ष), बड़ा गणेश, ग्वालियर
हरीशचंद (26 वर्ष), वासना (गुजरात)
तुलसी (15 वर्ष), गुजरात
जय (12 वर्ष), गुजरात
लखन गोविंद
सोनम सिंह
नागचंद्रेश्वर मंदिर की खासियत
भगवान नागचंद्रेश्वर का मंदिर महाकाल मंदिर के तीसरे तल पर स्थित है। यह साल में सिर्फ नागपंचमी के दिन ही श्रद्धालुओं के लिए खुलता है। बाकी दिनों में यहां के पट बंद रहते हैं। इसी वजह से इस दिन देशभर से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। इस बार दोनों खास मौकों के एक साथ पड़ने से भीड़ और बढ़ गई।प्रशासन और सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश में लगे हुए हैं। अस्पताल में भर्ती सभी श्रद्धालुओं की हालत पर नजर रखी जा रही है।










