वाराणसी एयरपोर्ट पर हथियार जांच के दौरान गोली चली, दो कर्मचारी घायल

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान एक यात्री की पिस्टल से गोली चल गई। इससे महिला समेत दो कर्मचारी घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के अनुसार घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। आजमगढ़ के जीयनपुर निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1810 से मुंबई जा रहे थे। उन्होंने विमान में ले जाने वाले हथियार की जानकारी पहले ही दे दी थी।

जांच के दौरान पिस्टल से एक राउंड फायर हो गया। गोली पहले फर्श से टकराई और फिर पास खड़ी महिला कर्मचारी सुमन (32, गया निवासी) की जांघ में लगी। छर्रे सुरक्षा स्कैनर कर्मी रोहित राज के हाथ में लगे। दोनों का इलाज चल रहा है।

रोहित ने बताया कि वे सुमन के साथ हथियार की एक्स-रे जांच के लिए काउंटर पर पहुंचे थे। यात्री ने पिस्टल निकाली जिसमें पहले से गोली लोड थी। चेकिंग के दौरान ट्रिगर दब गया। सुमन ठीक सामने थीं इसलिए गोली उनके पैर में लगी। रोहित ने कहा कि यह जानबूझकर हुआ या गलती से, वे नहीं बता सकते।

पुलिस जांच शुरू

स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी गई है। यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। स्वतंत्रता दिवस के कारण एयरपोर्ट 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट जोन घोषित था। इसके बावजूद घटना से हड़कंप मच गया। एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस और इंटेलिजेंस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।

कमलेश राय मुंबई में शिवसेना के पूर्व नगरसेवक रह चुके हैं। वर्तमान में उनका बेटा नगरसेवक है। वे आजमगढ़ में बाबू शिव पत्थर राय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबंधक हैं। उनकी मां प्रधान हैं और वे आमतौर पर दो बॉडीगार्ड के साथ चलते हैं।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना

सितंबर 2010 में मुंबई एयरपोर्ट पर भी ऐसा ही मामला हुआ था। इंदौर जा रहे यात्री गोविंद पाटीदार की लाइसेंसी पिस्टल जांच के दौरान अचानक चल गई थी। गोली फर्श से टकराई और टाइल का टुकड़ा एक महिला स्क्रीनिंग कर्मचारी के पैर में लगा था। वाराणसी एयरपोर्ट पर भी जांच जारी है। आगे की कार्रवाई पुलिस रिपोर्ट के आधार पर होगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now