रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के लिए आयोजित प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने कहा कि पार्टी देशभर में संगठन सृजन अभियान चला रही है और बूथ स्तर से लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) तक संगठन को मजबूत करने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब तक नौ राज्यों में इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर चुकी है और आने वाले समय में अन्य राज्यों में भी ऐसे कार्यक्रम होंगे।
वेणुगोपाल ने कहा, ‘पार्टी के ग्रासरूट स्तर को मजबूत करने के लिए संगठन सृजन अभियान चलाया जा रहा है। बूथ से लेकर एआईसीसी तक हम कैडर को मजबूत कर रहे हैं।’
NCERT में आपातकाल का अध्याय जोड़ने पर BJP पर हमला
राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (NCERT) के पाठ्यक्रम में आपातकाल को शामिल किए जाने को लेकर भी केसी वेणुगोपाल ने भाजपा पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि भाजपा केवल विभाजनकारी राजनीति में रुचि रखती है और इतिहास को विकृत करने की कोशिश कर रही है।
वेणुगोपाल ने कहा, ‘जब नीट और पेपर लीक जैसे मामलों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पूरी तरह विफल साबित हो चुके हैं, तब सरकार छात्रों को पारदर्शी परीक्षा प्रणाली देने के बजाय इतिहास को बदलने और महान व्यक्तित्वों की छवि धूमिल करने में लगी हुई है।’
TMC और शिवसेना के सांसदों के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा
टीएमसी के बाद शिवसेना में कथित राजनीतिक हस्तक्षेप और सांसदों को लेकर उठे विवाद पर वेणुगोपाल ने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भाजपा विपक्षी दलों के सांसदों को निशाना बना रही है।
वेणुगोपाल ने कहा, ‘पहले टीएमसी के सांसदों को निशाना बनाया गया, अब शिवसेना के सांसदों के साथ भी वही हो रहा है। देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति है। लोकतांत्रिक मूल्यों को ध्वस्त करने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस इसके खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और इसी वजह से संगठन को मजबूत किया जा रहा है।’
‘400 पार नहीं हुआ तो सांसद तोड़ने में लगी BJP’
भाजपा की राजनीतिक रणनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपने दम पर बहुमत नहीं मिला और अब वह अन्य दलों के सांसदों को तोड़कर अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करना चाहती है।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा ने 400 पार का नारा दिया था, लेकिन वह सफल नहीं हुई। अब वह विपक्षी दलों के सांसदों को तोड़कर अपनी ताकत बढ़ाने की कोशिश कर रही है ताकि अपनी मनमर्जी के फैसले लागू कर सके।’
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर प्रधानमंत्री से मांगा जवाब
अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी कांग्रेस महासचिव ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा धर्म की बात करती है, लेकिन राम मंदिर में जो आरोप सामने आए हैं, उस पर प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए। अगर मंदिर से जुड़े लोग आरोपों के घेरे में हैं तो सरकार को पारदर्शिता दिखानी चाहिए।’
VHP की मांग पर बोले- जनता सब देख रही
विश्व हिंदू परिषद द्वारा मामले में कार्रवाई की मांग किए जाने पर वेणुगोपाल ने कहा कि सत्ता भाजपा के हाथ में है और जवाबदेही भी उसी की है।
उन्होंने कहा, ‘देश की जनता सब देख रही है। एक तरफ बेरोजगारी, महंगाई और परीक्षा घोटाले जैसे मुद्दे हैं, जिनसे लोग परेशान हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। रायपुर में चल रही यह ट्रेनिंग उसी रणनीति का हिस्सा है और आने वाले दिनों में पार्टी सड़क पर संघर्ष करेगी।’
केदार कश्यप के बयान पर जताई नाराजगी
छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री केदार कश्यप द्वारा आपातकाल को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि इस तरह के बयान गैर-जिम्मेदाराना हैं।
उन्होंने कहा, ‘क्या किसी मंत्री की जिम्मेदारी सिर्फ विभाजनकारी बातें करना है? वह लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। देश के सामने इतने बड़े मुद्दे हैं, लेकिन भाजपा लगातार ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है।’









