वडोदरा। पूर्व क्रिकेटर और लोकसभा सांसद यूसुफ पठान (Yusuf Pathan)को गुजरात सरकार ने वडोदरा में एक बड़ा प्लॉट आवंटित करने की मंजूरी दे दी है। 978 वर्ग मीटर के इस प्लॉट की अनुमानित कीमत करीब 20.53 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसमें से 500 वर्ग मीटर जमीन मुफ्त दी जाएगी, जिसकी कीमत लगभग 10.50 करोड़ रुपये है। बाकी 478 वर्ग मीटर जमीन के लिए तय कीमत का 55 प्रतिशत यानी करीब 5.52 करोड़ रुपये चुकाने होंगे।
यह फैसला उस समय आया है जब यूसुफ पठान ने चार महीने पहले तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में शामिल हो गए थे। इस वजह से राजनीतिक हलकों में इस आवंटन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
14 साल पुराना विवाद
यूसुफ पठान का घर वडोदरा के तांदलजा इलाके में है। उनके घर के पास ही यह प्लॉट स्थित है। साल 2012 में उन्होंने नगर निगम से बिना नीलामी के 99 साल की लीज पर यह जमीन मांगी थी। उस समय नगर निगम ने प्रस्ताव मंजूर कर लिया था, लेकिन 2014 में राज्य सरकार ने इसे खारिज कर दिया। इसके बाद पठान परिवार ने कथित तौर पर जमीन पर बाउंड्री वॉल और शेड बना लिया। नगर निगम ने अवैध कब्जा हटाने का नोटिस दिया, जिसके खिलाफ यूसुफ पठान गुजरात हाईकोर्ट गए। अगस्त 2025 में हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी। बाद में उन्होंने अपील भी वापस ले ली।
अब कैसे मिला प्लॉट?
जुलाई 2026 में वडोदरा नगर निगम ने इस प्लॉट समेत कई जमीनों की नीलामी की तैयारी की थी। तब कीमत 2.10 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर तय हुई थी। लेकिन अब गुजरात सरकार के नए आदेश के बाद नगर निगम ने प्लॉट आवंटन का प्रस्ताव स्थायी समिति के सामने रख दिया है। सरकार के आदेश के मुताबिक, राजस्व विभाग नगर निगम को बराबर कीमत की जमीन देगा। नगर निगम आयुक्त ने प्रस्ताव मंजूरी के लिए भेज दिया है। अंतिम मंजूरी अभी बाकी है।
राजनीतिक चर्चा
यूसुफ पठान 14 जून 2026 को टीएमसी छोड़कर एनसीपीआई में शामिल हुए थे। उनके साथ कई अन्य सांसदों के भी पार्टी छोड़ने की खबरें आई थीं। यूसुफ पठान और उनके भाई इरफान पठान अपने परिवार के साथ इसी इलाके में रहते हैं। प्लॉट उनके बंगले के बिल्कुल पास है। अब स्थायी समिति के फैसले का इंतजार है।









