गुवाहाटी में हिरासत में ली गई रायपुर पुलिस, DCP बोले- जब्त रकम को घूस बताकर भ्रम फैलाया गया

April 29, 2026 11:51 AM

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर पुलिस कमिश्नरेट (Raipur Police) की एक टीम को असम के गुवाहाटी में हिरासत में लिए जाने का मामला सामने आया है। यह टीम डिजिटल अरेस्ट से जुड़े ठगी केस की जांच के सिलसिले में वहां पहुंची थी।

हिरासत में जिन पुलिस कर्मियों को लिया गया था, उसमें टिकरापारा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र यादव भी शामिल थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोप था कि टीम ने पकड़े गए आरोपियों से पैसे लेकर उन्हें छोड़ दिया। इसी शिकायत के आधार पर गुवाहाटी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी रविंद्र यादव, एक एएसआई और एक हवलदार समेत टीम को हिरासत में लिया था।

बताया जा रहा है कि करीब 24 घंटे तक पूछताछ के बाद छत्तीसगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के हस्तक्षेप पर टीम को छोड़ दिया गया। इसके बाद सभी अधिकारी रायपुर लौट आए हैं।

इस पूरे मामले में रायपुर पश्चिम के डिप्टी पुलिस कमिश्नर संदीप पटेल ने सफाई देते हुए कहा कि जांच के दौरान टीम ने रकम जब्त की थी, लेकिन आरोपियों के परिजनों ने उसी रकम को घूस बताकर गलत जानकारी फैला दी।

मामला रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में दर्ज डिजिटल अरेस्ट ठगी केस से जुड़ा बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता से खुद को सरकारी अधिकारी बताकर वीडियो कॉल के जरिए डराया गया था और बैंक खातों की जांच के नाम पर लाखों रुपये ट्रांसफर कराए गए थे। इसी केस के आरोपियों की तलाश में रायपुर पुलिस गुवाहाटी पहुंची थी।

घटना के बाद दोनों राज्यों की पुलिस के बीच समन्वय और कार्रवाई की प्रक्रिया को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now