जंगल कटाई रोकने पहुंचीं छत्तीसगढ़ की विधायक विद्यावती सिदार और पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया गिरफ्तार

June 26, 2025 8:52 PM
Raigarh Breaking

रायगढ़। जिले के तमनार तहसील के मुडागांव में अदानी समूह द्वारा जंगल कटाई के विरोध में लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार और पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके साथ लगभग 100 अन्य नेताओं को भी हिरासत में लिया गया है। यह घटना तब हुई जब एक दिन पहले ही छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने तमनार में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने का संदेश दिया था।

मुडागांव, ग्राम पंचायत सराईटोला के अंतर्गत आता है। वहां जंगल कटाई ने स्थानीय समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया है। अदानी समूह की एक परियोजना के लिए हो रही इस कटाई के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है,। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र जैव-विविधता से समृद्ध है और जंगल उनकी आजीविका व संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कटाई से पहले उनकी सहमति नहीं ली गई और न ही उन्हें इसकी जानकारी दी गई।

इस मुद्दे पर स्थानीय लोग और पर्यावरण कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं, और कुछ संगठन कानूनी कार्रवाई की बात कर रहे हैं।

भाजपा सरकार की नीतियां पर्यावरण विरोधी : दीपक बैज

तमनार इलाके में बड़े पैमाने पर हो रही पेड़ कटाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस विधायक और पूर्व मंत्री सहित कई ग्रामीणों की गिरफ्तारी पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

दीपक बैज ने भारतीय जनता पार्टी की विष्णु देव साय सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अपने चहेते उद्योगपतियों और कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए पर्यावरण का विनाश कर रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार की नीतियां पर्यावरण विरोधी हैं। पेड़ों की कटाई कर कॉरपोरेट को लाभ पहुंचाया जा रहा है, और जब हमारे विधायक और ग्रामीण इसका विरोध करते हैं, तो उनकी आवाज को दबाने के लिए उन्हें गिरफ्तार किया जाता है। यही साय सरकार का तथाकथित सुशासन है।”

घटना की जानकारी मिलते ही पीसीसी चीफ दीपक बैज ने गिरफ्तार विधायक और ग्रामीणों से संपर्क किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस मामले में पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ खड़ी है और उनकी लड़ाई में पूर्ण समर्थन देगी। बैज ने कहा, “हमारी पार्टी पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीणों के हक के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी।”

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories