प्रधानमंत्री मोदी का आतंकवाद पर सख्त संदेश, मलेशिया के साथ कई अहम समझौते

February 8, 2026 5:32 PM

PM Modi Malaysia Visit प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पूरी कर भारत लौट आए हैं। यह यात्रा 7-8 फरवरी को मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के निमंत्रण पर हुई। यह 2026 में पीएम मोदी की पहली विदेश यात्रा थी और अगस्त 2024 में दोनों देशों के बीच समग्र रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद पहली प्रमुख मुलाकात थी। यात्रा के दौरान दोनों नेताओं ने व्यापक चर्चा की। 11 महत्वपूर्ण समझौतों और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर हुए, जो व्यापार, सुरक्षा, तकनीक, स्वास्थ्य और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करेंगे।

कुआलालंपुर में भारतीय प्रवासियों से बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया भारत को विकास का भरोसेमंद साथी मान रही है। ब्रिटेन, अमेरिका, यूरोपीय संघ और अन्य देशों के साथ हाल के व्यापार समझौते इसी भरोसे की मिसाल हैं। उन्होंने मलेशिया में बसे करीब 30 लाख भारतीय मूल के लोगों को दोनों देशों के बीच मजबूत कड़ी बताया। मोदी ने घोषणा की कि मलेशिया में नया वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा और छात्रों के लिए तिरुवल्लुवर छात्रवृत्ति शुरू होगी। तमिल भाषा और संस्कृति की साझा विरासत पर भी जोर दिया गया।

मुख्य उपलब्धियां और समझौते

सेमीकंडक्टर, डिजिटल इकॉनमी, इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी, एआई, स्वास्थ्य और स्टार्टअप में निवेश बढ़ाने पर सहमति।
रुपये-रिंगिट में व्यापार को बढ़ावा और यूपीआई-पेननेट लिंक से आसान डिजिटल भुगतान।
मलेशिया से टिकाऊ पाम ऑयल की निरंतर सप्लाई का भरोसा।
ऑडियो-विजुअल को-प्रोडक्शन समझौता, जिससे तमिल फिल्में और संगीत को नया प्लेटफॉर्म मिलेगा।
भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सोशल सिक्योरिटी समझौता और मुफ्त ई-वीजा।
पर्यटन बढ़ाने के लिए यूपीआई भुगतान व्यवस्था।
आपदा प्रबंधन, भ्रष्टाचार रोकथाम, यूएन पीसकीपिंग और बिग कैट संरक्षण में सहयोग।
मलेशिया-इंडिया डिजिटल काउंसिल शुरू करने की योजना।

आतंकवाद पर दोनों देशों का एकजुट रुख

संयुक्त बयान में दोनों प्रधानमंत्रियों ने आतंकवाद के हर रूप की कड़ी निंदा की। पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा, ‘आतंकवाद पर कोई दोहरा मापदंड नहीं, कोई समझौता नहीं।’ दोनों देश सीमा-पार आतंकवाद, कट्टरपंथ, आतंकी फंडिंग और नई तकनीकों के दुरुपयोग पर सूचना साझा करने और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिलकर काम करने पर सहमत हुए।

व्यापार और निवेश पर खास फोकस

पीएम मोदी ने 10वें भारत-मलेशिया सीईओ फोरम में हिस्सा लिया और मलेशिया के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात की। उन्होंने भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, रिन्यूएबल एनर्जी, सेमीकंडक्टर, एआई और हेल्थकेयर जैसे क्षेत्रों में निवेश के मौके बताए। मलेशियाई कंपनियों ने भारत की प्रगति की सराहना की और आगे निवेश की इच्छा जताई।

2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 18.59 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। इस यात्रा से इसे और बढ़ाने की उम्मीद है। पीएम मोदी ने कहा कि मलेशिया में भारतीय समुदाय दोनों देशों को करीब लाता है और ये कदम लोगों की जिंदगी आसान बनाएंगे।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now