नई दिल्ली। कांग्रेस ने भूपेश बघेल को प्रदेश प्रभारी पद से हटाकर राजेश पायलट को पंजाब का प्रभार दिया। अब अमरिंदर राजा वड़िंग के पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद आज नए प्रदेश अध्यक्ष का एलान हो गया। परगट सिंह (Pargat Singh) को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान के बीच कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लिया है।
परगट सिंह की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब पिछले कई महीनों से पंजाब कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी। पहले विजय इंदर सिंगला का नाम अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे चल रहा था। पार्टी के भीतर सिंगला के नाम को लेकर लंबे समय से मंथन भी चल रहा था। इसके अलावा सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरजीत सिंह औजला, सुखबिंदर सिंह सरकारिया और परगट सिंह के नाम भी चर्चा में थे।
राजा वड़िंग ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा औपचारिक रूप से सौंप दिया। मुलाकात में उन्होंने पंजाब कांग्रेस की स्थिति और पिछले साढ़े चार वर्षों के अपने अनुभव से हाईकमान को अवगत कराया।
परगट सिंह के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती पार्टी के विभिन्न धड़ों को एकजुट कर 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देना होगी। कांग्रेस हाईकमान ने पिछले दिनों पंजाब प्रभारी सचिन पायलट के माध्यम से वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से व्यापक फीडबैक भी लिया था।










