तिरुपति की फार्मा कंपनी में बॉयलर फटा, 5 की मौत, 10 गंभीर घायल

लेंस डेस्क। आंध्र प्रदेश के तिरुपति जिले के श्री सिटी स्थित एक फार्मा कंपनी (Tirupati pharma company) में शनिवार को बॉयलर फटने से बड़ा हादसा हो गया। इस विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है। रेस्क्यू अभियान अभी जारी है।

सत्यवेडु मंडल में हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवा टीमें मौके पर पहुंच गईं। धमाका इतना जोरदार था कि इमारत का एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। अधिकारियों ने बताया कि बॉयलर फटने की सही वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस तकनीकी खराबी, सुरक्षा नियमों में चूक या संचालन संबंधी लापरवाही की संभावनाओं की जांच कर रही है।

अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। बचाव कार्य और घायलों की मेडिकल जांच पूरी होने के बाद अंतिम आंकड़े सामने आने की उम्मीद है। यह राज्य में पिछले एक साल में हुआ एक और बड़ा औद्योगिक हादसा है। इसी साल जून में विशाखापट्टनम स्टील प्लांट में पिघला स्टील ले जा रहा लैडल टूटने से आग लग गई थी, जिसमें आठ कर्मचारियों की मौत हो गई थी।

बॉयलर विस्फोट के पीछे आमतौर पर अत्यधिक दबाव, पानी का स्तर कम होना, पुराना या खराब रखरखाव और मानवीय गलती जैसे कारण हो सकते हैं। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सटीक वजह सामने आएगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now