पाकिस्तान के हवाई हमलों में 11 बच्चों समेत 13 अफगान नागरिकों की मौत

Pakistani airstrikes: पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पर किए गए हवाई हमलों में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 11 बच्चे शामिल हैं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने इसे ‘नागरिकों पर हमला बताया है। तालिबान के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हमलों की जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तानी सेना ने रात भर चले हमलों में खोस्त, कुनार और पक्तिका प्रांतों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाया।

हमले ऐसे समय हुए जब लोग सो रहे थे। हमलों में कुल 13 मौत हुई जिनमें 11 बच्चे, 1 महिला और 1 बुजुर्ग व्यक्ति हैं। 14 लोग घायल, जिनमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। खोस्त प्रांत के स्पेरा जिले में एक घर पर हुए हमले में 9 लोगों की मौत हुई, जबकि पक्तिका प्रांत के बरमल जिले में एक अन्य हमले में 3 नागरिक मारे गए। मुजाहिद ने हमलों में मारे गए बच्चों की तस्वीरें भी साझा की हैं।

पाकिस्तान की ओर से इन हमलों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि इस्लामाबाद पहले भी कह चुका है कि वह अफगानिस्तान में छिपे आतंकवादियों, खासकर पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) के ठिकानों को निशाना बनाकर कार्रवाई करता है।

2021 में तालिबान के सत्ता में आने के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के संबंध लगातार तनावपूर्ण रहे हैं, पाकिस्तान आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान टीटीपी आतंकियों को पनाह दे रहा है जबकि अफगान तालिबान इन आरोपों से इनकार करता है।

इस साल फरवरी के अंत में दोनों देशों के बीच सीमा पर भारी संघर्ष हुआ था, जिसमें पाकिस्तान ने अफगान शहरों पर हवाई हमले किए थे। उसके बाद कुछ हफ्तों तक शांति रही, लेकिन अब फिर से हिंसा भड़क उठी है। संयुक्त राष्ट्र की हालिया रिपोर्ट के अनुसार इस साल के पहले तीन महीनों में पाकिस्तान-अफगानिस्तान संघर्ष में 372 अफगान नागरिक मारे गए और 397 घायल हुए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now