बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर के बीजापुर में Anti Naxal Operation के तहत न्नागेल्लूर और पेद्दागेलूर इलाके के जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बड़ी मुठभेड़ चल रही है। डीआरजी और सीआरपीएफ कोबरा के जवान नक्सल विरोधी अभियान के तहत इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ में नक्सली कमांडर और डिवीजनल कमेटी (DVC) सदस्य उधम सिंह के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद की जाएगी।
बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि इलाके में अभी भी सर्चिंग जारी है और अभियान समाप्त होने के बाद विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल से एक ऑटोमेटिक AK-47 रायफल भी बरामद की गई है। सुरक्षाबल पूरे इलाके को घेरकर नक्सलियों की तलाश में जुटे हुए हैं। जंगलों में लगातार रुक-रुक कर फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी को बस्तर दौरे पर आने वाले हैं। उनके दौरे को नक्सल विरोधी अभियान के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। केंद्र सरकार पहले ही साफ कर चुकी है कि नक्सलवाद के पूर्ण खात्मे के लिए 31 मार्च 2026 तक की डेडलाइन तय की गई है और इस दिशा में सुरक्षाबल लगातार बड़े ऑपरेशन चला रहे हैं।
फिलहाल बीजापुर के मुठभेड़ क्षेत्र में हाई अलर्ट है और सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।









