रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही बयानबाजी और अंदरूनी खींचतान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री Bhupesh Baghel का बयान सामने आया है। पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव और प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के बीच चल रही सियासी बयानबाजी पर भूपेश बघेल ने दूरी बनाते हुए कहा कि वे टीएस सिंहदेव के किसी बयान पर प्रतिक्रिया नहीं देते।
रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि दीपक बैज पिछले तीन से साढ़े तीन वर्षों से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं और लगातार काम कर रहे हैं। भूपेश बघेल युवा कांग्रेस की चुनाव के घोषणा वाले प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए राजीव भवन पहुंचे थे, लेकिन चुनाव अधिकारी के आने में देरी की वजह से प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ही निकल गए।
निकलने से पहले पत्रकारों ने उनसे जब प्रदेश अध्यक्ष को लेकर सवाल पूछा तो पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी में किसे प्रदेश अध्यक्ष बनाना है और किसे नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी देनी है, इसका फैसला कांग्रेस हाईकमान करता है। बघेल ने साफ कहा कि वह इस मामले में अपनी ओर से कोई राय या ‘बुद्धि’ नहीं लगाते।
दरअसल, हाल ही में टीएस सिंहदेव ने एक इंटरव्यू में कहा था कि यदि पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। इसके बाद PCC चीफ दीपक बैज ने कहा था कि सिंहदेव बड़े नेता हैं और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर दिल्ली में काम करना चाहिए, जबकि प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए।
बैज के बयान पर टीएस सिंहदेव ने भी पलटवार किया था और कहा था कि वे आज भी खुद में युवाओं जैसी ऊर्जा महसूस करते हैं तथा छत्तीसगढ़ के लिए ही काम करना चाहते हैं। दोनों नेताओं के बयानों के बाद प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है।







