छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस की आज से डिजिटल मेंबरशिप शुरू, 75 रुपए में कोई भी युवा बन सकेगा सदस्य, 29 मई से नामांकन

Chhattisgarh Youth Congress

रायपुर। Chhattisgarh Youth Congress ने प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है। 24 मई से प्रदेश में युवा कांग्रेस का डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की गई। इस दौरान संगठन के नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया, सदस्यता अभियान और युवा नेतृत्व तैयार करने की रणनीति की जानकारी दी। 75 रुपए में कोई भी युवा IYC की मेंबरशिप ले सकता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, युवा कांग्रेस के प्रभारी अमित पठानिया, सह प्रभारी मोनिका मांडरे, भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह, चुनाव अधिकारी राकेश नेगी और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा मौजूद रहे।

IYC के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह ने बताया कि संगठनात्मक चुनाव ब्लॉक, विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर पर कराए जाएंगे। इसके लिए 24 मई से सदस्यता अभियान भी चलाया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक, पारदर्शी और चुनाव आधारित होगी।

चुनाव अधिकारी ने बताया कि युवा कांग्रेस में अलग अलग पदों पर चुनाव के लिए नामांकन 29 मई से शुरू होकर 13 जून तक चलेगा। ब्लॉक, विधानसभा और जिला स्तर पर 29 मई से नामांकन होगा। शीर्ष पद अध्यक्ष और महासचिव के लिए 11 से 13 जून तक नामांकन होगा। चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी और तारीखें आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

युवा नेताओं ने बताया कि देश में बहुत कम राजनीतिक दल ऐसे हैं जो संगठन के भीतर चुनाव कराते हैं। संगठन ने इसे ‘ऐतिहासिक पहल’ बताते हुए कहा कि युवाओं को सीधे चुनाव के जरिए नेतृत्व में आने का मौका दिया जा रहा है। यह पहल कांग्रेस नेता राहुल गांधी की उस सोच का हिस्सा है, जिसमें संगठन के भीतर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया था।

जिला अध्यक्ष के लिए इंटरव्यू, हाई परफॉर्मर ही लड़ सकेगा चुनाव

कांग्रेस भवन में रविवार को जिला अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए इंटरव्यू पैनल भी बैठा। चुनाव अधिकारी के मुताबिक, जिला अध्यक्ष पद के इच्छुक नेताओं का इंटरव्यू लिया जा रहा है। इस प्रक्रिया में ‘हाई परफार्मर’ के रूप में अप्रूव होने वाले नेता ही जिला अध्यक्ष का चुनाव लड़ सकेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के लिए दिल्ली में युवा कांग्रेस के मुख्यालय में इंटरव्यू होगा। जिला और प्रदेश अध्यक्ष के पद पर हाई परफॉर्मर ही चुनाव लड़ सकेंगे।

उम्मीदवारों की संगठनात्मक सक्रियता, जनसंपर्क, आंदोलन में भागीदारी और नेतृत्व क्षमता के आधार पर मूल्यांकन किया जा रहा है। इसके जरिए युवा कांग्रेस संगठन में सक्रिय और मजबूत नेतृत्व तैयार करने की कोशिश कर रही है।

संगठन ने दावा किया कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए अलग से चुनाव प्राधिकरण और रिटर्निंग ऑफिसर्स की नियुक्ति की गई है। राज्य और जोन स्तर पर टीम बनाई गई है, जो पूरे चुनाव की निगरानी करेगी।

युवाओं को नेतृत्व में लाने पर जोर

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि संगठन गांव, ब्लॉक और जिला स्तर तक युवाओं को नेतृत्व देने की दिशा में काम कर रहा है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान ओरिएंटेशन और ट्रेनिंग सेशन भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि नए कार्यकर्ताओं को चुनाव और संगठन की प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।

संगठन का कहना है कि युवा कांग्रेस में काम करने वाले युवाओं को पारदर्शी राजनीतिक करियर पाथ देने की कोशिश की जा रही है, ताकि जमीनी स्तर से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने का अवसर मिल सके।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now