दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में चल रही 48वीं भारतीय(Indian) सामाजिक विज्ञान कांग्रेस का दूसरा दिन गुरुवार को विभिन्न व्याख्यानों और शोध पत्र प्रस्तुतियों के साथ संपन्न हुआ। इस साल कांग्रेस का मुख्य विषय “भारतीय भाषाओं में विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान” रखा गया है।
दूसरे दिन प्लेनरी सत्र में कई प्रमुख शिक्षाविदों ने अपने विचार रखे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय तिवारी ने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी की शिक्षा को छत्तीसगढ़ के आम लोगों, खासकर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की जरूरतों से जोड़ना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि प्रयोगशालाओं और शोध का असली मूल्यांकन समाज को मिलने वाले फायदे से होना चाहिए।

पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वंशगोपाल सिंह ने भारतीय मनोवैज्ञानिक अनुसंधान में भाषा और संस्कृति की भूमिका पर बात की। उन्होंने बौद्धिक स्वराज की दिशा में काम करने की जरूरत बताई।
प्रो. विकास गुप्ता ने औपनिवेशिक काल में भाषा अध्ययन और भाषा की बदलती प्रकृति पर व्याख्यान दिया। उन्होंने बताया कि उस समय भाषा का वर्गीकरण सिर्फ भाषाई नहीं, बल्कि सत्ता और सामाजिक संरचना से भी जुड़ा था।
12 सभागारों में शोध पत्र प्रस्तुत
दिन भर विश्वविद्यालय के 12 अलग-अलग सभागारों में समानांतर सत्र चले। इनमें विज्ञान, शिक्षा, पर्यावरण, जैव प्रौद्योगिकी, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र समेत कई विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। देश भर के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से आए करीब 145 प्राध्यापकों और शोधार्थियों ने अपने शोध कार्य साझा किए। इन चर्चाओं में युवा शोधकर्ताओं को अपने विचारों को रखने और नए आयामों पर बात करने का अच्छा मौका मिला।
कांग्रेस का समापन समारोह शुक्रवार को होगा। समापन समारोह की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे करेंगे। मुख्य अतिथि दुर्ग आयुक्त सत्य नारायण राठौर होंगे। इससे पहले दो तकनीकी सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन भारतीय भाषाओं में विज्ञान की शिक्षा और अनुसंधान को बढ़ावा देने के साथ-साथ ज्ञान को समाज के बड़े हिस्से तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।











