राजनांदगांव। भाजपा (BJP) नेता भरत वर्मा पर सड़क निर्माण कंपनी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। शुक्रवार, 20 नवंबर को हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा से शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मामला राजनांदगांव से मोहला-मानपुर के बीच करीब 380 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का है। इसका निर्माण मेसर्स कन्हैयालाल अग्रवाल कंपनी कर रही है। शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार सुबह कुमर्दा और घुपसाल गांव के बीच निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान मौके पर पहुंचे भरत वर्मा ने कर्मचारियों से विवाद किया। आरोप है कि उन्होंने एक कर्मचारी से मारपीट की और वीडियो बना रहे ऑपरेटर को भी गालियां देते हुए मारने के लिए दौड़ाया।
कंपनी के MD से रकम मांगने का आरोप
प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू का आरोप है कि वर्मा ने कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की मांग की थी। रकम नहीं मिलने पर कर्मचारियों को धमकाया जा रहा है। कंपनी के प्रतिनिधियों ने एसपी कार्यालय में घटना का वीडियो और लिखित शिकायत सौंपी है। कर्मचारियों ने सुरक्षा नहीं मिलने तक काम बंद रखने की बात कही है।
सड़क की गुणवत्ता को लेकर पहले भी की थी शिकायत
भरत वर्मा इससे पहले राजनांदगांव-खैरागढ़ और राजनांदगांव-मानपुर सड़क निर्माण में अनियमितता का मुद्दा उठा चुके हैं। उनकी शिकायत पर अक्टूबर में प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी ने चार सदस्यीय जांच दल गठित किया था। टीम ने 5 और 6 अक्टूबर के आसपास निर्माण सामग्री के सैंपल लिए थे, लेकिन जांच रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है। कंपनी का दावा है कि निर्माण कार्य विभागीय निगरानी और गुणवत्ता जांच के तहत किया जा रहा है।
भूपेश बघेल ने वीडियो शेयर कर भाजपा को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना का वीडियो X पर शेयर करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “भाजपा ब्रांड संस्कृति और संस्कार सीखने के लिए तत्काल संपर्क करें।” उन्होंने वीडियो में कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर भी तंज कसा।
भरत वर्मा भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी रह चुके हैं। वर्तमान में वे जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष हैं। शिकायत में लगाए गए आरोपों पर उनका पक्ष और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी अभी सामने नहीं आई है।










