औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज में एक निजी अस्पताल में मारपीट से गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय सिकंदर खान की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक सिकंदर ने 14 नवंबर की रात मेदांता अस्पताल में दम तोड़ दिया। उन पर 10 नवंबर की रात रफीगंज के नोनिया टिल्हा स्थित केपी मेमोरियल अस्पताल में हमला हुआ था। मामले में पुलिस ने डॉक्टर रंजीत यादव और कंपाउंडर सौरभ कुमार को हिरासत में लिया है।
इलाज को लेकर विवाद, कमरे में बंद कर पीटने का आरोप
रफीगंज के चरकुप्पा गांव निवासी सिकंदर खान 10 नवंबर की रात करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचे थे। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक वह एक परिचित मरीज का इलाज कराने गए थे। इसी दौरान डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारियों से उनका विवाद हो गया।
परिजनों का आरोप है कि सिकंदर को एक कमरे में बंद कर लाठी, हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से पीटा गया। हमले में गंभीर चोटें आने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार देकर पटना रेफर किया गया।
घटना को लेकर कुछ स्थानीय पत्रकारों ने दावा किया है कि सिकंदर एक दलित महिला को रक्तदान करने अस्पताल गए थे और महिला के इलाज को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मौत की अफवाह पर अस्पताल में आगजनी
12 नवंबर को सिकंदर की मौत की अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। गुस्साई भीड़ ने अस्पताल में तोड़फोड़ की और सामान में आग लगा दी। बाहर खड़ी एक एंबुलेंस भी फूंक दी गई। इस दौरान पुलिस पर पथराव हुआ, जिसमें थाना प्रभारी शंभू कुमार के घायल होने की खबर सामने आई।
प्रदर्शनकारियों ने रफीगंज-गया मार्ग पर करीब पांच घंटे तक जाम लगाए रखा। स्थिति संभालने के लिए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के पहुंचने के बाद हालात पर काबू पाया जा सका।
थाना प्रभारी पर भी गिरी गाज
सिकंदर के परिजनों की शिकायत पर रफीगंज थाने में कांड संख्या 440/26 दर्ज किया गया। मामले में पुलिस की लापरवाही के आरोप भी सामने आए। इसके बाद औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने तत्कालीन थाना प्रभारी को पद से हटा दिया।
13 नवंबर को प्रशासन ने रफीगंज में शांति समिति की बैठक कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सिकंदर की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की ओर से हमले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।










