रायपुर। छत्तीसगढ़ में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि आगे बढ़ाने से इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) ने इनकार कर दिया है। काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए सभी नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि पहले ही बढ़ाकर 15 नवंबर 2026 की जा चुकी है। अब इसमें और विस्तार संभव नहीं है। इस फैसले से प्रवेश की प्रतीक्षा कर रहे विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इंडियन नर्सिंग काउंसिल की सचिव कर्नल (डॉ.) सरवजीत कौर ने 13 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ के आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा को भेजे पत्र में यह जानकारी दी है। पत्र में बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग और जीएनएम पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाने के अनुरोध पर विचार करने से इनकार किया गया है।
काउंसिल ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश प्रक्रिया में देरी, भ्रष्टाचार के आरोप और प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े कारण संबंधित राज्य सरकार के अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। ये भारतीय नर्सिंग काउंसिल के नियामक अधिकार क्षेत्र में नहीं हैं। इसलिए इन्हें प्रवेश की समय-सीमा आगे बढ़ाने का आधार नहीं माना जा सकता।
इस बीच प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि चिकित्सा शिक्षा विभाग की लापरवाही और प्रवेश प्रक्रिया में देरी का खामियाजा नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने सरकार से छात्रहित में काउंसलिंग प्रक्रिया आगे जारी रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है, ताकि प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों को अवसर मिल सके।
एसोसिएशन के मुताबिक, इस वर्ष राज्य में नौ नए शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय भी शुरू हुए हैं, लेकिन इनमें भी अब तक प्रवेश नहीं हो पाए हैं। एसोसिएशन का कहना है कि काउंसलिंग में देरी के कारण इन संस्थानों में प्रवेश की प्रक्रिया भी प्रभावित हुई है।
गौरतलब है कि नर्सिंग पाठ्यक्रमों की काउंसलिंग में हो रही देरी को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने पहले भी हस्तक्षेप किया था, जिसके बाद काउंसलिंग शुरू हो सकी थी। अब इंडियन नर्सिंग काउंसिल के ताजा फैसले के बाद प्रवेश प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर असमंजस की स्थिति बन गई है।







