Nishant Kumar : बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार 8 मार्च 2026 को पटना में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नीतीश कुमार खुद इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।कार्यक्रम के दौरान निशांत ने पार्टी का गमछा पहना और सदस्यता ली। उन्होंने ललन सिंह और संजय झा के पैर छुए तथा हाथ जोड़कर सबका अभिवादन किया।
निशांत ने कहा ‘मैं पार्टी के लिए पूरी मेहनत से काम करूंगा। पिताजी ने 20 सालों में जो विकास कार्य किए हैं, मैं उन्हें आगे बढ़ाऊंगा। राज्यसभा जाने का फैसला मेरे पिताजी का है। मैं बिहार और देश की जनता से अपील करता हूं कि पिताजी पर भरोसा बनाए रखें।’ पार्टी कार्यकर्ताओं ने ‘नीतीश कुमार जिंदाबाद’, ‘निशांत कुमार जिंदाबाद’ और ‘बिहार का सीएम निशांत कुमार जैसा हो’ जैसे नारे लगाए।
जेडीयू कार्यालय में भारी भीड़ जुट गई थी। कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाए और हाथी-घोड़ा-ऊंट लेकर स्वागत किया। कुछ बाहुबली अनंत सिंह के समर्थक भी मोकामा से पटना पहुंचे थे। जेडीयू में शामिल होने के साथ ही निशांत सक्रिय हो गए हैं और 10 मार्च से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ‘समृद्धि यात्रा’ के तीसरे चरण की शुरुआत करेंगे, जो 14 मार्च तक चलेगी। इस दौरान वे सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय और शेखपुरा जिलों का दौरा करेंगे। यह यात्रा नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री पद पर आखिरी ऐसी यात्रा हो सकती है। निशांत भी जल्द ही ऐसी यात्राओं में शामिल होकर जनता से जुड़ने की तैयारी कर रहे हैं।









