25 लाख के इनामी नक्‍सली कमांडर प्रभाकर सहित सात मारे गए, एक जवान भी शहीद

naxal encounter

रायपुर। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच चली मुठभेड़ में कुल सात माओवादी मारे गए हैं, जिनमें 25 लाख रुपये का इनामी प्रमुख कमांडर प्रभाकर भी शामिल हैं। यह ऑपरेशन गढ़चिरौली पुलिस की विशेष एंटी-नक्सल इकाई C-60 की 14 टीमों ने नारायणपुर-गढ़चिरौली सीमा के निकट फोडेवाडा गांव के आसपास किया।

प्रभाकर, जिसका वास्तविक नाम लोकेटी चंद्र राव था और वह तेलंगाना के कामारेड्डी जिले का निवासी था, माओवादियों की गढ़चिरौली डिवीजन कमेटी, वेस्ट सब-जोनल ब्यूरो और कंपनी नंबर 10 का प्रमुख था।

इस तीन दिनों से चल रहे अभियान में छत्तीसगढ़ से माओवादियों के आने की गुप्त सूचना मिलने के बाद 3 फरवरी की रात से कार्रवाई शुरू हुई। गुरुवार रात तीन शव मिले, जबकि शुक्रवार को चार और बरामद हुए। कुल मिलाकर चार पुरुष और तीन महिला माओवादियों के शव पुलिस ने कब्जे में लिए। घटनास्थल से तीन AK-47 राइफलें, एक SLR और एक .303 राइफल भी जब्त की गई हैं। प्रभाकर के अलावा बाकी माओवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।

मुठभेड़ के दौरान C-60 कमांडो दीपक चिन्ना मडावी (उम्र 38 वर्ष) ने दो माओवादियों को मार गिराया, लेकिन खुद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई और वे शहीद हो गए। दीपक मूल रूप से अहेरी तालुका के मांद्रा, डमरंचा के निवासी थे और अहेरी में रहते थे।

एक अन्य जवान जोगा मडावी भी गुरुवार रात गोली लगने से घायल हुए थे, जिन्हें गढ़चिरौली ले जाया गया है और उनकी हालत अब स्थिर है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now