आम आदमी की हवाई उड़ान पर पीएम ने क्‍या कहा?

Navi Mumbai International Airport

मुंबई। Navi Mumbai International Airport : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नवी मुंबई में नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। यह हरित क्षेत्र परियोजना करीब 19,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है। इस प्रोजेक्‍ट में अडानी की 74% हिस्सेदारी और सिडको (CIDCO) की 26% हिस्सेदारी है।

इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई का लंबा इंतजार अब खत्म हुआ और शहर को दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल गया है। यह हवाई अड्डा इस क्षेत्र को एशिया का प्रमुख कनेक्टिविटी केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

यह हवाई अड्डा 1,160 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला है और इससे भारत की हवाई सेवा क्षमता बढ़ेगी। साथ ही, यह मुंबई के मौजूदा छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों के दबाव को कम करेगा। उद्घाटन से पहले पीएम ने निर्माणाधीन सुविधाओं का निरीक्षण भी किया।

यह भी देखें: उड़ान के लिए तैयार नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के बारे में जानिए सब कुछ

प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति और सपनों को साकार करने के संकल्प से ही ऐसे परिणाम मिलते हैं। उन्होंने बताया कि 2014 में जब उन्हें देश की जिम्मेदारी मिली, तब उनका सपना था कि साधारण व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके। इसके लिए नए हवाई अड्डों का निर्माण जरूरी था। पिछले 11 सालों में सरकार ने इस दिशा में तेजी से काम किया। 2014 में जहां देश में केवल 74 हवाई अड्डे थे, वहीं अब इनकी संख्या 160 से ज्यादा हो गई है।

नए हवाई अड्डे से जल्द ही घरेलू उड़ानें शुरू होंगी, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन दिसंबर 2025 तक शुरू होने की संभावना है। इसमें चार टर्मिनल और दो समानांतर रनवे होंगे। साथ ही  2026 में एक वीवीआईपी टर्मिनल का निर्माण शुरू होगा, जो 2030 तक पूरा होगा।

लंदन की जाहा हदीद आर्किटेक्ट्स द्वारा डिजाइन किया गया टर्मिनल कमल के फूल से प्रेरित है और इसमें महाराष्ट्र की संस्कृति व इतिहास को दर्शाने वाली कला प्रदर्शनी भी होगी।

कांग्रेस पर साधा निशाना

उद्घाटन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने एक साक्षात्कार का जिक्र किया, जिसमें पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम ने 2008 के मुंबई हमले के बाद अमेरिका द्वारा भारत को जवाबी कार्रवाई से रोकने की बात कही थी। पीएम ने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि किसके दबाव में यह फैसला लिया गया, जिसने देश की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया।

उन्होंने कहा कि मुंबई भारत की आर्थिक राजधानी और जीवंत शहर है, जिसे 2008 में आतंकियों ने निशाना बनाया। लेकिन तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने कमजोरी दिखाई और आतंकवाद के सामने झुक गई। ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा कि आज का भारत दमदार जवाब देता है और दुश्मन को उसके घर में घुसकर सबक सिखाता है।

2008 के मुंबई हमले के समय पी चिदंबरम गृह मंत्री थे। उन्होंने बताया कि तत्कालीन अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलीजा राइस ने भारत से कोई जवाबी कार्रवाई न करने का अनुरोध किया था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now