अनूपपुर। अनूपपुर जिले के इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय में संचालित मॉडल ट्राइबल स्कूल को लेकर अभिभावकों को बड़ी जीत हुई है। CBSE ने सीनियर सेकेंडरी स्तर तक मान्यता प्रदान कर दी है। बता दें कि लंबे समय से अभिवावक मॉडल ट्राइबल स्कूल को कक्षा 12 वीं तक संचालित करने के लिए आंदोलन कर रहे थे। 10 अगस्त की शाम आए आदेश के बाद अभिभावकों को चिंता अब दूर हो गई है। अब अगले सत्र यानि 2027 से स्कूल में सेकेंडरी स्तर की पढ़ाई शुरू हो सकेगी। वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय नेताओं में इस उपलब्धि के लिए श्रेय लेने की होड़ मची हुई है।

CBSE ने दी मान्यता
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक में संचालित मॉडल ट्राइबल स्कूल को लेकर 10 अगस्त को एक मह्त्वपूर्ण आदेश जारी किया। इस आदेश में स्कूल को कक्षा XII तक सीनियर सेकेंडरी स्तर की संबद्धता प्रदान की गई है। यह संबद्धता 1 अप्रैल 2027 से 31 मार्च 2032 तक प्रभावी रहेगी।
CBSE के पत्र के अनुसार स्कूल का Affiliation No. 1020190 और School Code 52200 है। स्कूल को Senior School Certificate Examinations (Bal-Vatika I से Class XII) के लिए संबद्धता दी गई है। स्कूल में कक्षा IX से XII में प्रवेश 1 अप्रैल 2027 से लिया जा सकेगा, जबकि कक्षा X एवं XII की पहली बोर्ड परीक्षा का बैच 1 अप्रैल 2029 से माना गया है।
CBSE ने दिये हैं आवश्यक निर्देश
CBSE की सीनियर सेकेंडरी स्तर की संबद्धता मिलने से अमरकंटक और आसपास के आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों को कक्षा XII तक CBSE पाठ्यक्रम में अध्ययन और बोर्ड परीक्षा की सुविधा मिल सकेगी। इससे विद्यार्थियों को आगे उच्च शिक्षा के लिए बेहतर शैक्षणिक आधार मिलने की उम्मीद है।
CBSE ने स्कूल को सुरक्षा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, CCTV, अग्नि सुरक्षा, भवन सुरक्षा, जल एवं स्वच्छता व्यवस्था, कंप्यूटर लैब, काउंसलिंग एवं वेलनेस शिक्षक सहित विभिन्न मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए हैं। स्कूल को पत्र जारी होने के तीन माह के भीतर निर्धारित Compliance पूरी करनी होगी।
नेताओं में मची है श्रेय लेने की होड़

CBSE द्वारा 10 अगस्त को मॉडल ट्राइबल स्कूल से संबंधित आदेश को जारी करने के बाद इस उपलब्धि के लिए श्रेय लेने की होड़ मच गई है। क्षेत्रीय सांसद, विधायक और जनजातीय आयोग के अध्यक्ष लगातार इस मुद्दे पर श्रेय लेने से पीछे नहीं हट रहें हैं। लगातार सोशल मीडिया के माध्यम से स्वयं और उनके समर्थकों द्वारा इस उपलब्धि का श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है।
असली जीत अभिभावकों की
मॉडल ट्राइबल स्कूल के उन्नयन को लेकर अभिभावकों ने अनूपपुर से दिल्ली तक दर्जनों बार चक्कर लगाए हैं। दिल्ली में संबंधित अधिकारियों से हुई मुलाकात से कोई हल नहीं निकलने के बाद लगातार महीने भर तक अभिभावकों और उनके बच्चों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार के सामने जाम लगाकर धरना प्रदर्शन किया था। बरसते पानी में भी छोटे बच्चे, बुजुर्ग और युवा धरने पर बैठे हुए थे। CBSE द्वारा जारी किए गए आदेश के बाद अब अभिभावक और बच्चों में हर्ष है।

विद्यार्थियों के करियर की नहीं किसी भी नेता को चिंता?
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आदेश तो जारी कर दिया गया है। लेकिन, प्रवेश अगले सत्र यानी 1 अप्रैल 2027 से शुरू होंगी। अब उन विद्याथियों का क्या होगा जो इस वर्ष 8 वीं कक्षा पास हो गए हैं और उन्हें 9 वीं कक्षा में प्रवेश लेना है? यदि जनप्रतिनिधियों को विद्यार्थियों की चिंता होती तो इस वर्ष से ही विद्यालय में प्रवेश शुरू हो चुका होता। क्या विद्यार्थियों पर केवल राजनीतिक रोटियां सेकीं जा रहीं हैं?










