लेंस डेस्क। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भाजपा की रैली के दौरान मंत्री से बहस करने वाली एक महिला के खिलाफ मुंबई पुलिस (Mumbai Police) में शिकायत दर्ज कराई गई है। यह घटना उस समय हुई जब रैली के कारण सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया और एक महिला ने नाराज होकर मंत्री से रास्ता खाली कराने की मांग की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना मुंबई के वर्ली इलाके में हुई, जहां भाजपा की ओर से महिला आरक्षण बिल को लेकर एक रैली आयोजित की गई थी। रैली के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था। इसी दौरान जाम में फंसी एक महिला गुस्से में आ गई और मौके पर मौजूद महाराष्ट्र सरकार के मंत्री गिरीश महाजन से तीखी बहस कर बैठी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने मंत्री से कहा कि सड़क पर रैली करने से आम लोगों को परेशानी हो रही है और कार्यक्रम किसी मैदान में किया जाना चाहिए। महिला की नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
इस घटना के बाद एक अन्य महिला ने पुलिस में शिकायत देकर आरोप लगाया कि उक्त महिला ने रैली के दौरान हंगामा किया और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। शिकायत वर्ली पुलिस स्टेशन में दी गई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है। कई लोगों ने महिला के विरोध को आम नागरिकों की नाराजगी बताया, जबकि कुछ ने इसे रैली में बाधा डालने वाला व्यवहार बताया है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस तेजस कारिया ने केजरीवाल, रवीश कुमार के खिलाफ अवमानना याचिका से खुद को अलग किया








