नई दिल्ली। ऑल इंडिया इंश्योरेंस एम्पलाईज एसोसिएशन (AIIEA) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित बैंक कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल को समर्थन देने का ऐलान किया है। AIIEA के अध्यक्ष धर्मराज महापात्र और महासचिव श्रीकांत मिश्रा ने प्रेस वक्तव्य जारी कर कहा कि बैंक कर्मचारियों की 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से लंबित है। संगठन ने यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) और बैंकिंग समुदाय के प्रति एकजुटता जताते हुए देशभर के बीमा कर्मचारियों से भी समर्थन में कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की है।
मार्च 2024 की सहमति के बाद भी मामला लंबित
AIIEA के मुताबिक, मार्च 2024 में द्विपक्षीय समझौता प्रक्रिया के दौरान उद्योग स्तर पर 5-डे बैंकिंग को लेकर सहमति बनी थी, लेकिन आवश्यक सरकारी मंजूरी नहीं मिलने के कारण मामला अभी तक आगे नहीं बढ़ पाया है। संगठन का कहना है कि लगातार हो रही देरी से बैंक कर्मचारियों में चिंता और असंतोष बढ़ रहा है। UFBU ने भी कहा है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है।
29 सितंबर को लंच ब्रेक में प्रदर्शन की अपील
AIIEA ने अपने बयान में सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) पर यूनियनों के साथ बातचीत के बजाय उनकी मांगों को लेकर टालमटोल करने का आरोप लगाया है। संगठन ने कहा कि वह बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों के आंदोलन के साथ खड़ा है। साथ ही देशभर के बीमा कर्मचारियों से 29 सितंबर को दोपहर के भोजनावकाश के दौरान एकजुटता प्रदर्शन आयोजित करने की अपील की गई है। AIIEA ने बैंक कर्मचारियों की मांगों के समाधान की उम्मीद जताई है।








