मध्य-पूर्व युद्ध का असर: नायरा एनर्जी ने पेट्रोल 5 रुपए और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा किया

Nayara Energy

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में चल रहे सैन्य संघर्ष के बीच अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल का असर अब भारत के खुदरा ईंधन बाजार पर भी दिखने लगा है। देश की सबसे बड़ी निजी ईंधन रिटेलर नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने गुरुवार से पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी है।

कंपनी ने पेट्रोल की कीमत 5 प्रति लीटर रुपए और डीजल की कीमत 3 प्रति लीटर रुपए तक बढ़ा दी है। नई दरें तत्काल प्रभाव से देशभर में कंपनी के लगभग 7 हजार पेट्रोल पंपों पर लागू हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। हाल ही में ब्रेंट क्रूड की कीमत 119 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी, जिससे निजी ईंधन कंपनियों की लागत काफी बढ़ गई है।

निजी पेट्रोलियम कंपनियों को सरकारी कंपनियों की तरह नुकसान की भरपाई के लिए कोई सरकारी सहायता नहीं मिलती। ऐसे में आयात लागत बढ़ने के कारण रूस की रोसनेफ्ट समर्थित नायरा एनर्जी को कीमतों में बढ़ोतरी करनी पड़ी।

हालांकि रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीपी की संयुक्त कंपनी जियो-बीपी ने फिलहाल अपनी कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है, जबकि बाजार सूत्रों का कहना है कि उन्हें खुदरा बिक्री पर नुकसान उठाना पड़ रहा है।

इससे पहले इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम जैसी सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 20 मार्च को प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में करीब 2.09 रुपए से 2.35 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। हालांकि सामान्य पेट्रोल और डीज़ल की कीमतों को फिलहाल स्थिर रखा गया है।

निजी और सरकारी पेट्रोल पंपों के दामों में अंतर बढ़ने से कुछ शहरों में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखी गईं। हैदराबाद समेत कई जगहों पर लोगों ने सोशल मीडिया पर “नो स्टॉक” की खबरें देखकर जल्दबाजी में ईंधन भरवाया।

तेल कंपनियों ने लोगों से अपील की है कि पेट्रोल और डीज़ल की पर्याप्त उपलब्धता है और अफवाहों पर ध्यान न दें।

यह भी पढ़ें: ऊर्जा संकट पर एक घंटा 45 मिनट चली सर्व दलीय बैठक में क्‍या हुआ?


दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now